बिलासपुर में पुलिस से बचने के लिए नदी में कूद गया जुआरी, डूबने से हुई मौत
बिलासपुर: फड़ की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों को दौड़ा लिया। इस दौरान एक जुआरी नदी में बने एनीकट में कूद गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसे डूबते देखा तो पुलिस को बताया। इससे पहले कि उसे बाहर निकाला जाता उसकी मौत हो गई। पुलिसकर्मियों ने ही उसके शव को बाहर निकाला। डूबकर मरा युवक नगर पंचायत मल्हार में संविदा में इलेक्ट्रिशियन था। उसकी मौत के बाद से गांव में तनाव है। इसे देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।
रात को पुलिस ने दबिश दी तो 10 जुआरी हत्थे चढ़े
मल्हार इलाके के ग्राम कुटेला में दो दिनों से जुआ खेलने की पुलिस को सूचना मिल रही थी। मस्तूरी थाने की टीम शुक्रवार को दबिश देने के लिए निकली। पुलिस रात करीब 8 बजे मौके पर पहुंची तो कुछ लोग गांव से बाहर शिवनाथ नदी के आसपास जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने फड़ को घेरा, तो इसमें 30-35 जुआरी मौजूद थे। पुलिस ने इनमें से 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। बाकी चकमा देकर भाग निकले। पुलिस के जवानों ने उन्हें पकड़ने पीछा किया पर वे शिवनाथ नदी पार कर किसी तरह भाग निकले।इनमें से एक ग्राम पकरिया निवासी सुभाष सिंह ठाकुर (40) पिता धन सिंह नदी में कूदा पर बाहर निकल नहीं पाया। कूदने के बाद वह गहरे पानी में चला गया। उसने बचाने के लिए शोर मचाया तो पता चला। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के जवान उसे नदी से बाहर निकालने उतरे। उसे ढूंढकर निकाला पर उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को मस्तुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। शाम होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार की सुबह पोस्टमॉर्टम होगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अफसर मल्हार पहुंचे। इधर किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने पुलिस ने लाइन से बल बुला लिया था। गांव में तनाव है। एडिशनल एसपी ओपी शर्मा सहित पुलिस के आला अफसर मौके पर थे। एसपी प्रशांत अग्रवाल स्थिति पर यहीं से नजर रखे हुए हैं। एएसपी ग्रामीण संजय ध्रुव के अनुसार जुआ के फड़ पर पुलिस को आता देख सुभाष सिंह भागा। वह कुटेला के अरपा एनीकट में कूदा और डूब गया। उसे तैरना आता था पर दौड़ने की थकान, सांस फूलने और डर के कारण स्वाभाविक रूप से नहीं तैर सकता।