छेड़खानी के आरोपी जीभ पर पुलिसवालों ने लगाया बिजली का करंट
डेराबस्सी. रामगढ़ रोड पर दफ्फरपुर के नजदीक गुरुनानक नगर निवासी 64 वर्षीय एक व्यक्ति ने मुबारिकपुर पुलिस पर हरियाणा के एक होमगार्ड जवान के इशारे पर थर्ड डिग्री यातनाएं देने का आरोप लगाया है। होमगार्ड पड़ोसी की पत्नी द्वारा छेड़खानी के आरोप में हिरासत में लेकर पुलिस ने उसे तब तक करंट लगाया गया जब तक कि वह अधमरा होकर निढाल न हो गया। जीभ पर करंट लगाने से उसकी जीभ भी काली पड़ गई।
पुलिस ने आरोपों को झूठे बताते हुए कहा कि पुलिस व शिकायतकर्ता पर दबाब बनाने के लिए वह ऐसे हत्थकंडे अपना रहा है। बहरहाल, पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डेराबस्सी सिविल अस्पताल में दाखिल यादव लाल पुत्र मंगल प्रसाद 64 साल पेशे से सिविल इंजीनियर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 22 तारीख को किसी और के मकान के निर्माण दौरान वे उसकी छत पर थे। वहां मुल्खराज के परिवार के लोग उससे झगड़ा करने लगे। बाद में 25 तारीख को शाम 4:00 बजे उसे पुलिस मुबारकपुर ले आई जहां उसे करंट लगाते हुए बेरहम पिटाई का शिकार बनाया गया।
यादव लाल ने आरोप लगाया कि चौकी में उसके दोनों हाथ एक चारपाई के साथ पीछे बांधे गए। उसपर पैरों व घुटनों से प्रहार किया गया और थप्पड़ मारे गए। बाद में होमगार्ड वाले के आने के बाद उसके इशारे पर पुलिस उसे फिर पीछे कमरे में ले गई जहां एक वर्दीधारी और दो व्यक्ति सिविल में थे। उन्होंने उसकी जीभ पर नंगी तार से करंट लगाया जबकि जख्मी होने पर कानो में दो चिमटियां लगाकर आठ नौ बार करंट लगाया। यह पिटाई तब तक चलती रही जब तक वह बेहोश होने के कगार पर न पहुंच गया।
पुलिस को दिए बयान में मुलखराज वासी गुरु नानक नगर कॉलोनी, गांव दफ्फरपुर की पत्नी ने बताया कि उसका पति हरियाणा होमगार्ड में नौकरी करता है। जो कई कई दिन बाद घर लौटता है। उसके पास चार जवान बेटियां हैं। पड़ोस में यादव लाल प्रसाद नाम का व्यक्ति रहता है जो मुझ पर गलत नजर रखता है और मुझे आते जाते को देख गलत इशारे करता है। मेरे पड़ोस में जसविंदर सिंह अपना मकान बना रहा है जो कि 22 नवंबर को यादव लालू प्रसाद जसविंदर सिंह के मकान की छत के ऊपर चढ़कर मेरी ओर गलत इशारे कर रहा था।
वह अक्सर ही नशे में रहकर गाली-गलौज भी करता है। मैं अपने घर में अकेली थी और यादव लाल प्रसाद मेरे घर के अंदर आया जिसने मेरी बाजू पकड़ी और मेरे साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। उसके शोर मचाने पर यादव लाल भाग गया। मैं अपनी इज्जत को लेकर चुप रही परंतु जब मेरा पति वापस आया तो मैंने उसे सारी बात बताई जिसके बाद मुबारिक पुर पुलिस में शिकायत देकर इंसाफ की मांग की गई। ड्यूटी अफसर एसआई अशोक कुमार ने यादवलाल को पुलिस चौकी तलब किया था।
मुबारकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज नरपिंदर सिंह ने बताया कि वह बीते दिन हाईकोर्ट में थे और आज भी बात दोपहर तक हाईकोर्ट ही थे। उनकी जानकारी मुताबिक यादवलाल को पड़ोस की एक महिला के साथ छेड़खानी के आरोप में पुलिस चौकी लाया गया था।