जौनपुर: दहेज़ में 8 लाख रुपए की मांग पूरी नही हुई तो बारात लेकर नही पहुंचा दूल्हा
जौनपुर: जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में दूल्हे ने दहेज़ की मांग पूरी न होने पर बारात लाने से ही मना कर दिया। इस मामले को लेकर पुलिस ने लड़के पक्ष वालों के खिलाफ पुलिस के पास शिकायत कर दी जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के सहाबुदीनपुर (उसरौली) गांव निवासी गरीब पिता रामलोचन सिंह ने अपनी पुत्री निधी सिंह का विवाह सुल्तानपुर जिले के ग्राम रानेपुर ( कादीपुर) गांव निवासी बृजेश सिंह के पुत्र रोहित सिंह से तय किया था। इसके बाद बीते 15 नवंबर को तिलकोत्सव का कार्यक्रम बड़े धूम धाम से सम्पन्न हुआ और 19 नवम्बर को बारात जानी थी।
इस बीच लड़के पक्ष ने विवाह के ठीक एक दिन पहले लड़की पक्ष से आठ लाख रुपए नगद दहेज़ की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने तीन लाख रुपए देने को तैयार हो गए। लेकिन लड़के पक्ष की ओर से पूरे आठ लाख रुपए देने का दबाव डाला गया।
लड़की के परिवार वालों ने लड़के पक्ष को फोन पर ही बहुत समझाया मगर लड़के पक्ष ने मानने से इंकार कर दिया और बारात तय समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में दुल्हन अपने साथ घटित घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची। पीड़ित दुल्हन की माने तो दहेज़ ने उसके अरमानों को बर्बाद कर दिया। आज मुझे और मेरे परिवार को अपमान सहना पड़ा है। पूरा परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।
सीओ शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पिड़ित कन्या पक्ष के तहरीर के अधार पर पुलिस ने दूल्हा समेत उसके परिवार पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।