राम जन्म भूमि के बाद अब कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए उठने लगे सुर, हरनाथ सिंह यादव ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली: बीजेपी के राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव जय श्री कृष्णा के वस्त्र पहन कर संसद सत्र में भाग लेने आए है. हरनाथ सिंह यादव ने कहा कि राम जन्मभूमि के बाद कृष्ण जन्मभूमि का नंबर आना चाहिए. भगवान राम के बाद, भगवान कृष्ण ने अवतार लिया था.
बीजेपी सांसद हरनाथ सिंह यादव कहते हैं कि दुनिया भर से आने वाले लोग या भारत के 130 करोड़ लोग, जब मथुरा में भगवान श्री कृष्ण को कैद में देखते हैं तो उनके मन में दुख पैदा होता है. यह दुख कृष्ण जन्मभूमि में कृष्ण के कैद अवस्था में रहने की वजह से होता है. मैं भी भगवान कृष्ण की इस स्थिति से दुखी हूं.
उत्तर प्रदेश के एटा से आने वाले हरनाथ सिंह यादव कहते हैं कि वह जल्द ही कृष्ण जन्मभूमि में भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करने जाएंगे. जब भी मथुरा में भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करने जाएंगे तो वे प्रभु श्री कृष्ण से आदेश लेंगे कि उनको इस स्थिति से मुक्ति दिलाने के लिए क्या करना चाहिए? हरनाथ सिंह यादव कहते हैं भगवान कृष्ण ही तय करेंगे कि उन्हें क्या करवाना है? वे आगे जोड़ते हैं भगवान से बड़ा कोई नहीं है.
प्रभु श्री कृष्ण ही तय करेंगे कि कब राम जन्म भूमि की तर्ज पर कृष्ण जन्मभूमि पर आंदोलन खड़ा होगा या कानून के जरिए भव्य श्री कृष्ण मंदिर का रास्ता साफ होगा. हरनाथ सिंह यादव का मानना है राम जन्मभूमि में आंदोलन करने वाले संगठन अगर उसी तर्ज पर कृष्ण जन्म भूमि के लिए आंदोलन चलाते हैं तो यह भगवान कृष्ण का ही फैसला होगा.