बलरामपुर: संविधान दिवस पर ADM ने कर्मचारियों को दिलाई शपथ
इकबाल खान
बलरामपुर। मंगलवार को 70वां संविधान दिवस पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ल ने कलेक्ट्रेट सभागार, बलरामपुर में अधिकारियों/कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।
उन्होंने शपथ दिलाते हुए अधिकारियों/कर्मचारियों का आहवान किया कि हमें भारत के संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। संवैधानिक आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज व राष्ट्रीय प्रतीकों का आदर करना चाहिए। देश में संप्रभुता, अखण्डता की रक्षा करनी चाहिए।
इसके साथ ही महिलाओं को सम्मान देने, हिंसा से दूर रहते हुए बंधुता को बढ़ावा देने, सामाजिक संस्कृति का संवर्धन व पर्यावरण का संरक्षण करने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास, सार्वजनिक सम्पत्ति की रक्षा करने, व्यक्तिगत व सामूहिक गतिविधि में उत्कृष्टता बढ़ाने, सबको शिक्षा के अवसर प्रदान करने एवं स्वतत्रंता आन्दोलन के आदर्शों को बढ़ावा देने का आहवान करते हुए शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी मिलते ही देश को चलाने के लिए संविधान बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया। इसी कड़ी में 29 अगस्त 1947 को भारतीय संविधान के निर्माण के लिए प्रारूप समिति की स्थापना की गई और इसके अध्यक्ष के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर को जिम्मेदारी सौंपी गई।
दुनिया भर के तमाम संविधानों को बारीकी से देखने-परखने के बाद डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान का मसौदा तैयार कर लिया। 26 नवंबर 1949 को इसे भारतीय संविधान सभा के समक्ष लाया गया। इसी दिन संविधान सभा ने इसे अपना लिया। यही वजह है कि देश में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर जनपद के सरकारी कार्यालयों, प्राइमरी स्कूलों तथा अन्य कार्यालयों में भी शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर एसडीएम नवीन कुमार श्रीवास्तव, अपर तहसीलदार, प्रधान लिपिक अशोक कुमार श्रीवास्तव, भू-लेख अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार, इरशाद, रवि शुक्ला, सचिन मदान, चीफ फूड इंस्पेक्टर विनोद पाण्डेय, फूड इंस्पेक्टर लालमणि यादव, सत्यवीर सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।