प्रदीप रघुनन्दन की पहल से बुलंदशहर जेल में शुरू हुआ अपना रेडियो स्टेशन, उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी बना रेडियो जॉकी
बुलंदशहर/एटा: जिले के प्रमुख समाजसेवी एवं जेल सुधारक प्रदीप रघुनन्दन पिछले 14 वर्षों से जन सुधार के कार्य कर रहे हैं, श्री रघुनन्दन की पहल से बुलंदशहर की जिला कारागार में रेडियो स्टेशन की शुरुआत हुई है. रेडियो स्टेशन के संचालन की जिम्मेदारी 10 बंदियों को सौंपी गई है। उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी देवेंद्र शर्मा को रेडियो जॉकी बनाया गया है। रेडियो स्टेशन पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों को सिर्फ जेल परिसर में ही सुना जा सकता है।
जेल अधीक्षक ओपी कटियार ने कहा- "कैदियों की मानसिकता में बदलाव लाने और उन्हें तनाव से दूर रखने के लिए रेडियो स्टेशन की शुरुआत की। बंदियों की पसंद के मुताबिक गानों का प्रसारण करते हैं। रेडियो स्टेशन शुरू करने से पहले बंदियों का चयन किया गया। उन्हें प्रशिक्षण दिया गया।"
जेल रेडियो पर बंदियों की फरमाइश के अलावा उनके लिखे गीत, कविता, गजल, कहानियां, चुटकुले और संस्मरण का प्रसारण किया जा रहा है। फिलहाल, सुबह सभी बैरकों से फरमाइश इकट्ठा की जाती है। इसका प्रसारण दोपहर 3 से 4 बजे तक होता है। कुछ दिन बाद जेल प्रशासन समय को बढ़ाने की सोच रहा है।"
जेल प्रशासन की आगे की तैयारी है कि बंदियों को रेडियो के माध्यम से देश के इतिहास, धार्मिक ज्ञान और ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इससे तनाव दूर करने के साथ कैदियों का ज्ञानवर्धन भी होगा। रेडियो स्टेशन से प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों को सुनने के जेल परिसर में जगह-जगह स्पीकर लगाए गए हैं।