यूपी में 17वें मंत्री को कोरोना, जय कुमार सिंह जैकी भी हुए संक्रमित
उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यूपी सरकार में मंत्री जय कुमार सिंह जैकी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे संक्रमित होने वाले यूपी के 17वें मंत्री हैं। अब तक यूपी के 17 मंत्री कोनोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं, जिनमें से 2 की मौत हो चुकी है।
जैकी ने फेसबुक पर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- कोरोना के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर गुरुवार को जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर के कहने पर खुद को घर पर ही आइसोलेट कर लिया है। पिछले एक सप्ताह के अंदर जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं, वे जांच करा लें।
अब तक दो मंत्रियों की जा चुकी जान
योगी सरकार के अब तक 17 मंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। बलदेव सिंह औलख, समाज कल्याण राज्यमंत्री जीएस धर्मेश पॉजिटिव आ चुके हैं। चार सितंबर को अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा और तीन दिन पहले ही शनिवार को मंत्री सतीश महाना की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इससे पहले कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह भी संक्रमित हुए थे।
इनके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि और न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल और युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हैं।कोरोना से होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी।