शिवाकांत अवस्थी महराजगंज/रायबरेली: हाथरस में युवती के साथ बलात्कार के बाद जान से मारने के लिए किए गए हमले के बाद युवती की सफदरजंग हॉस्प...
महराजगंज/रायबरेली: हाथरस में युवती के साथ बलात्कार के बाद जान से मारने के लिए किए गए हमले के बाद युवती की सफदरजंग हॉस्पिटल में हुई मौत का मामला अब पूरे देश में तूल पकड़ रहा है।
आपको बता दें कि, इसी क्रम में महराजगंज में भी कांग्रेस और सपा के नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है, और कहा है कि, भाजपा सरकार बेटियों की रक्षा करने में नाकाम रही है। ऐसी सरकार को त्यागपत्र दे देना चाहिए। यहां जारी बयान में कांग्रेश के ब्लॉक अध्यक्ष कृपाशंकर शर्मा ने कहा कि, हाथरस कांड शर्मनाक कांड है। इससे साबित हो गया है कि, प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं है। यहां गुंडे, बलात्कारी, डकैत और अपराधी बेलगाम हो गए हैं। सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा योगी सरकार माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही की बात कह कर महज अपने राजनीतिक विरोधियों को ही तबाह करने में लगी है। असली अपराधियों को तो योगी सरकार का वरदहस्त प्राप्त है।
इसी क्रम में ब्लॉक युवक कांग्रेस के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने कहा कि, हाथरस कांड से आम जनता का योगी सरकार के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन से भी विश्वास हट गया है, और सरकार में बैठे लोग लीपापोती करने में जुटे हैं। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भरत मिश्रा, दिनेश मिश्रा, जीतू पंडित आदि ने भी घटना की निंदा करते हुए सरकार से त्यागपत्र देने की मांग की है। वहीं युवा सपा नेता धीरज यादव ने कहा कि, योगी सरकार का पिछला कार्यकाल इतिहास में आम जनता के साथ रक्त रंजित दौर के रूप में याद रखा जाएगा। क्योंकि योगी सरकार के दौरान रिकार्ड तोड़ हत्याएं, लूट, बलात्कार, दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार की घटनाएं की बाढ़ सी आ गई है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, और योगी सरकार फर्जी आंकड़े बाजी पेश कर जनता को गुमराह करने में लगी है। इसके अलावा सपा नेता सुधीर साहू, राजेंद्र यादव, शिव बहादुर यादव, राम लखन यादव आदि ने भी हाथरस कांड को योगी के सरकार पर पुती कालिख बताते हुए कहा कि, सरकार अपराधियों बलात्कारियों को संरक्षण देने में लगी है।