शिवाकांत अवस्थी महराजगंज/रायबरेली: भाजपा की योगी सरकार प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है। यह सरकार लोगों के संवैधानिक अधिका...
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भाजपा की योगी सरकार प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है। यह सरकार लोगों के संवैधानिक अधिकारों को छीन कर जबरदस्ती मनमानी करने पर उतारू है। इसका जीता जागता प्रमाण प्रतापगढ़ में वरिष्ठ नेता सीपी सिंह के निधन पर शोक जताने जा रहे, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल व एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व कैबिनेट मंत्री व ऊंचाहार विधायक डॉ मनोज पांडेय, बछरावां के पूर्व विधायक रामलाल अकेला, बछरावां विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महराज आदि को गिरफ्तार कर यह जता दिया है कि, भाजपा सरकार को किसी के जीने मरने यहां तक की शोक जताने में भी ऐतराज है। उक्त विचार समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर साहू ने आज यहां पत्रकारों के समक्ष बातचीत में व्यक्त किए हैं।
आपको बता दें कि, महराजगंज के रायबरेली रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री साहू ने इस बात पर आक्रोश जताया कि, जब सीपी सिंह पार्टी के महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। विधायक भी रह चुके हैं। ऐसे व्यक्ति के निधन से सपा के नेताओं में शोक की लहर फैल गई थी। सभी लोग अपने प्रिय दिवंगत नेता को शोक श्रद्धांजलि अर्पित करने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रतापगढ़ जा रहे थे। वह कोई हिंसा या अराजकता फैलाने नहीं जा रहे थे। फिर भी योगी सरकार के पेट में पीड़ा पैदा हो गई और उन्होंने सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या करते हुए सपा के इन शांतिपूर्ण ढंग से जा रहे नेताओं को गिरफ्तार कर हिटलर शाही का नमूना पेश किया है।
सुधीर साहू ने यह भी कहा कि, सपा की बढ़ती लोकप्रियता और भाजपा के प्रति जनता में बढ़ रही नफरत को देखकर योगी सरकार हताश व निराश हो चली है, और अपना मानसिक संतुलन भी खो बैठी है। उन्होंने महामहिम राज्यपाल से मामले को संज्ञान लेकर योगी सरकार के लोकतंत्र विरोधी आचरण पर लगाम कसने की मांग की है।