शिवाकांत अवस्थी रायबरेली: महोबा में क्रशर कारोबारी की हत्या के बाद स्वजनों से मिलने जा रहे सपा के पूर्व मंत्री व ऊंचाहार विधायक मनोज पा...
शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली: महोबा में क्रशर कारोबारी की हत्या के बाद स्वजनों से मिलने जा रहे सपा के पूर्व मंत्री व ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय को चकेरी पुलिस ने जाजमऊ चेक पोस्ट पर रोक लिया। इस दौरान सपाइयों ने प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। इसपर पुलिस हंगामा कर रहे सपाइयों को सर्किट हाउस ले गई और नजरबंद कर दिया।
आपको बता दें कि, महोबा में क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की हत्या के बाद बुधवार को सपा नेता व प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मनोज पांडेय स्वजनों से मिलने के लिए जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ बहराइच के पूर्व विधायक केके ओझा भी थे। इसकी जानकारी मिलते ही शासन के निर्देश पर जाजमऊ चेकपोस्ट पर चकेरी पुलिस समेत पीएसी बल रोकने के लिए पहुंच गया। मनोज पांडेय का काफिला जैसे ही गंगा पुल पार करके जाजमऊ चेक पोस्ट पहुंचा, तो पुलिस व पीएसी ने रोक लिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता पहुंच गए और हंगामा करना शुरू कर दिया।
सपाइयों ने जोर जोर से प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसपर पुलिस बल मनोज पांडेय समेत सपा कार्यकर्ताओं को सर्किट हाउस ले गई और नजरबंद कर दिया। पूर्व मंत्री ने महोबा जाने से रोकने पर पुलिस द्वारा लोकतंत्र की हत्या बताया।
उन्होंने कहा कि, दिवंगत के परिवार से विपक्ष को मिलने नहीं देना प्रदेश सरकार की तानाशाही है। हंगामे के दौरान उन्नाव से आने वाले वाहन जाम में फंसे रहे, और करीब आधे घंटे के बाद यातायात सामान्य हो सका।