शिवाकांत अवस्थी महराजगंज/रायबरेली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवाहन पर बछरावां विधानसभा क्षेत्र के सपा कार्यकर...
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवाहन पर बछरावां विधानसभा क्षेत्र के सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रामलाल अकेला और विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज के नेतृत्व में ब्लॉक परिसर में एकत्र होकर प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए बड़ी तादात में सपाई तहसील मुख्यालय पहुंचे, और महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विनय कुमार मिश्रा को सौंपा। इस दौरान भारी भीड़ की वजह से तहसील में अफरा तफरी का माहौल रहा।
आपको बता दें कि, ब्लाक महराजगंज परिसर में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने आरोप लगाया कि, वर्तमान समय में केंद्र और प्रदेश की सरकारें जनविरोधी कामों में लिप्त है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। जुल्म जाजती और किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मुख्य समस्या बेरोजगारी की है। योगी सरकार रोजगारों को खत्म करती जा रही है। किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल रही है। खाद लेने वाले किसानों पर लाठी बरसाई जा रही है। समाज का हर तबका प्रदेश सरकार की कारगुजारिओं से त्रस्त है। उन्होंने अपने ज्ञापन में राज्यपाल से मांग की है कि, प्रदेश सरकार को जनविरोधी कारनामों से बाज आने का निर्देश दें।
इसी क्रम में पूर्व विधायक श्यामसुंदर भारती ने भी भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार को पूर्णतय: विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि, अगली बार अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जन कल्याणकारी काम करने वाली सपा की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम में बछरावां विधानसभा के अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महराज ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि, इस सरकार में भ्रष्टाचार 10 गुना बढ़ गया है। निर्दोष लोगों की आए दिन हत्याएं हो रही हैं। प्रदेश में पूरी तरह से जंगल राज कायम हो गया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि, अगर स्थितियों में सुधार नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सरकार की नींद हराम कर देंगे।
इस मौके पर बछंरावा ब्लाक प्रमुख विक्रान्त अकेला, जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर पटेल, विधानसभा उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव, जिला सचिव हरीश चौरसिया, विधानसभा सचिव रईस, बछरावां विधानसभा प्रबुद्ध कृष्ण कुमार शुक्ला, शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष राजीव शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष संजय मोहन त्रिवेदी आदि ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर अपने विचार व्यक्त किए। इसके उपरांत सपाई तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए पहुंचे और वहां एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सर्किल महराजगंज के सभी थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा।