शिवाकांत अवस्थी महराजगंज/रायबरेली: भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय परिषद सदस्य और पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह ने लोकसभा और राज्यसभ...
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय परिषद सदस्य और पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह ने लोकसभा और राज्यसभा में मोदी सरकार द्वारा रखे गए किसानों के संबंधित बिलों के पास हो जाने पर गहरी प्रसन्नता जताई है। वहीं कांग्रेस समेत विरोधी दलों पर किसानों की भलाई के लिए सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के बारे में आम जनता में भ्रम फैलाने तथा लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
आपको बता दें कि, यहां पत्रकारों से बातचीत में पूर्व एमएलसी श्री सिंह ने कहा कि, मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में तमाम ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। जिनमें शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन, देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए सेना को दिए गए अधिकार, किसान सम्मान निधि योजना, जीएसटी जैसे अनेकों अनेक ऐसे निर्णय थे, जो ऐतिहासिक रहे हैं। इसके अलावा कश्मीर में धारा 370 का उन्मूलन, अयोध्या में श्री राम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना के अलावा मुस्लिम महिलाओं की बेहतरी के लिए तीन तलाक को संगेय अपराध घोषित करना जैसे क्रांतिकारी कदम राष्ट्र की एकता और अखंडता तथा समग्र विकास के लिए मील के पत्थर साबित होंगे।
वहीं मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प को पूरा करने के लिए अब किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए अब तक लगी तमाम बंदिशों से मुक्त कर पूरे देश में अपनी उपज बेचने का अधिकार देकर महत्वपूर्ण काम किया है। इससे इसके परिणाम जल्द ही सामने आएंगे, साथ ही उन्होंने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि, अपना जनाधार खत्म होने के डर से यह पार्टियां महज किसानों को गुमराह कर उन्हें भड़का रही हैं। साथ ही इन पार्टियों को यह भी चिंता है कि, इनके कार्यकाल में जो अनाज के बड़े-बड़े तस्कर अपना नेटवर्क फैलाए हुए थे, इन बिलों के अस्तित्व में आने के बाद उनका काम खत्म हो जाएगा।
श्री सिंह ने यह भी कहा कि, मोदी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि, न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार जारी रखेगी और सरकारी खरीद के जरिए भी किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों को आगाह किया है कि, देश के विकास व किसानों के बेहतरी के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे, कार्यों का राजनैतिक कारणों से विरोध करना बंद करें, अन्यथा असलियत उजागर होने पर देश की जनता इन दलों को कभी माफ नहीं करेगी।
इस मौके पर पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, भूपेश मिश्रा, चंद्रपाल यादव, जगदीश लोधी, महेश चंद्र बीडीसी आदि भी मौजूद रहे।