अंतरराष्ट्रीय महिला बॉक्सर ने पति पर दर्ज कराया दुष्कर्म का केस, शादी के 8 महीने बाद ही हुआ बवाल
हिसार। हरियाणा में आये दिन दहेज़ के केस सामने आ रहे हैं पिछले दिनों दहेज़ की मांग के चलते मंडप से बारातें वापिस लौटी हैं। अब एक अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाज का दहेज़ केस सामने आया है जिनकी शादी को मात्र 8 माह ही हुए हैं। मांगों की वजह से मामला पुलिस तक पहुँच गया है और अब टूटने की कगार पर है।
हिसार शहर निवासी एक अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज ने अपने सास, ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का और अपने पति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता महिला ने आजाद नगर थाना पुलिस को शिकायत दी हैं। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी गुरुग्राम में एक बैंक में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत युवक से इसी वर्ष अप्रैल में हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही उसे ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। महिला बॉक्सर का आरोप है कि उसका पति उसके साथ दुष्कर्म व अप्राकृतिक यौन शोषण किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2021 में हुई थी। उसका पति बैंक में कार्यरत है। ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। शादी में उसके परिवार ने 60 लाख रुपये खर्च किए। अब उसका पति फॉर्च्यूनर गाड़ी, हीरे की अंगूठी और कैश की डिमांड कर रहा है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि रिंग सेरेमनी होने के बाद आरोपी पति ने दिसंबर 2020 को दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने इस बीच उसका मोबाइल लेकर डाटा अपने फोन व लैपटॉप में ट्रांसफर किया और उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। विरोध करने पर डाटा वायरल करने की धमकी दी। इस बीच नए साल का उपहार देने के बहाने होटल में बुलाकर उससे दुष्कर्म किया। उसे मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया।
इस बारे में उसने अपने परिवार वालों को बताया तो इसे लेकर कई बार पंचायतें भी हुई। इसके बावजूद उसके ससुराल वालों ने उसे फिर से प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। उसे दहेज के लिए बार-बार प्रताड़ित किया जाता था। यह बात उसने अपने पति को बताई तो उसके पति ने भी उससे मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने भी उससे मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म किया हैं।
मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया हैं। आजाद नगर थाना इंस्पेक्टर ने बताया कि गुरमीत सिंह ने बताया कि पीड़िता ने मामले में अपने ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दी हैं। शिकायत पर दहेज, दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया हैं। मामले की जांच की जा रही हैं।