तेजी से आ रही ट्रेन के सामने महिला को धक्का देकर बोला शख्स मैं भगवान हूं?
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर मेट्रो स्टेशन से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को जिसने भी देखा वो चौंक गया। यहां एक शख्स ने जानबूझकर एक तेजी से आ रही ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। ट्रेन के आगे धक्का देने की वजह से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। ये सारी वारदात वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला। ये पूरी वारदात न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर मेट्रो स्टेशन की बताई जा रही है। यहां पर मैनहट्टन के अपर वेस्ट साइड में रहने वाली मिशेल एलिसा गो प्लेटफॉर्म पर खड़ी होकर ट्रेन के आने का इंतजार कर रही थीं। तभी अचानक से किसी ने उनको पीछे से धक्का दे दिया।
धक्का लगने के कारण वो रेल की पटरियों पर जा गिरी और सामने से आ रही ट्रेन से टकरा गई। वो तो ट्रेन ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए आपातकालीन ब्रेक खींच लिया। लेकिन इसके बावजूद महिला की जान नहीं बच पाई। चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। वहां पर मौजूद पुलिस दौड़कर महिला के पास आई। पुलिस ने देखा की महिला बेहोश है और उसे गंभीर चोट लगी हुई है। आनन-फानन में महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई।
धक्का मारने वाले आरोपी की पहचान साइमन मार्शल के रूप में की गई है वो 61 साल का बताया जा रहा है। पहले तो वो महिला को धक्का देकर भाग गया लेकिन जब पुलिस आरोपी की तलाश करने लगी तो उसने खुद आकर पुलिस के सामने अपना गुनाह कुबूल कर लिया।
यह पूछे जाने पर कि क्या उसने ही एलिसा को मारा है? मार्शल ने जवाब दिया, हां मैंने मारा उसे। मैं भगवान हूं, मैं ये कर सकता हूं। बताया जा रहा है कि आरोपी साइमन मार्शल मानसिक बीमारी से पीड़ित रहा है। उसे पुलिस ने गरिफ्तार कर लिया है। साइमन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।