प्रेमिका ने तोड़ दिया प्रेमी से रिश्ता, नाराज प्रेमी ने मेन बाजार में सूए से गोद डाला
बहादुरगढ़। हरियाणा में लिव इन रिलेशनशिप टूटने से नाराज प्रेमी ने प्रेमिका पर हमला बोल दिया। प्रेमी ने प्रेमिका पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में प्रेमिका बुरी तरह से घायल हो गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपी प्रेमी फरार हो गया है। मामला बहादुरगढ़ के मेन बाजार का है।
जानकारी के अनुसार, बालोर चुंगी के नजदीक रहने वाली राजबाला का शहर के लाल चौक के निकट मेन बाजार में ब्यूटी पार्लर है। वीरवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपना ब्यूटी पार्लर बंद कर रही थी। इसी दौरान अचानक दो युवक वहां आ गए। उन्होंने ताबड़तोड़ राजबाला पर बर्फ तोड़ने वाले सूएं से प्रहार कर दिए। इसके बाद वे दोनों भाग गए। आस-पड़ोस के लोगों ने घायल को संभाला और शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। फिलहाल राजबाला की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सिटी थाने से पुलिस अस्पताल में पहुंच गई थी। घायल के बयान लिए गए। बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों के नाम सोनू और साहिल बताए जा रहे हैं। ये गांव खुड्डन के निवासी हैं। चर्चा है कि ये राजबाला के परिचित हैं। किसी बात पर विवाद हो गया था। इसी वजह से राजबाला पर हमला कर दिया गया। असल वजह अभी जांच का विषय है। सिटी थाना प्रभारी जय भगवान ने कहा कि महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
दरअसल, यहां राजबाला एक महिला ब्यूटी पार्लर चलाती है। देर शाम वह ब्यूटी पार्लर में काम कर रही थी। उसी समय उसका प्रेमी सोनू ब्यूटी पार्लर के अंदर घुस आया, जिसे देखते ही राजबाला ने उसे बाहर निकल जाने के लिए कहा। सोनू राजबाला से रिलेशन टूटने से काफी नाराज था। सोनू ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बर्फ तोड़ने वाले सुए से एक के बाद एक राजबाला पर कई वार किए। उसने बर्फ तोड़ने वाले सुए से प्रेमिका की गर्दन, छाती, कंधे और पेट पर आधा दर्जन से ज्यादा वार किए। वारदात के बाद से आरोपी मौके से फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।राजबाला के कंधे, गर्दन, छाती और पेट में आधा दर्जन से ज्यादा चोट के निशान हैं। राजबाला को इलाज के लिए बहादुरगढ़ के ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
राजबाला का कहना है कि वह और उसका प्रेमी सोनू लंबे समय तक उसी के घर में रहते थे, लेकिन आपसी मनमुटाव के बाद उसने सोनू को अपने घर से निकाल दिया था। पिछले महीने 10 अप्रैल को भी दोनों का आपसी झगड़ा हुआ था। इसके बाद सोनू ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान देने की कोशिश की थी। लेकिन वह बच गया था. इसके बाद भी दोनों में तनाव बना रहा।
राजबाला ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने घायल राजबाला की बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी प्रेमी की गिरफ्तारी के प्रयास भी शुरू किए जा चुके हैं।