जीजा को पसंद नहीं आया सालियों का मजाक, बिना दुल्हन लिए लौटी बारात
कैथल। शादियों में जब तक देवर भाभी या जीजा साली में मजाक या नोक झोंक न हो तो शादी फीकी रहती है, लेकिन हरियाणा में एक शादी में ऐसा अजब गजब मामला सामने आया है, जहाँ सालियों ने अपने होने वाले जीजा से मजाक कर दिया तो दूल्हा रूठ गया। काफी मान मनौव्वल किया गया। इसके बावजूद दूल्हा नहीं माना। बाद में दूल्हा माना तो दुल्हन रूठ गई। दोनों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया गया। दोनों नहीं मानें फिर दुल्हन के बिना दूल्हा बरात वापस लेकर चला गया। मामला कैथल के पूंडरी क्षेत्र के एक गांव का है।
पूंडरी क्षेत्र के एक गांव में मामूली विवाद पर बरात वापस लौट गई। क्षेत्र के एक गांव में दो सगी बहनों की शादी थी और दोनों की बरात एक निजी पैलेस में आई थी। छोटी बहन तो ससुराल चली गई, लेकिन बड़ी बहन की बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
जानकारी के अनुसार दो बेटियों की शादी होनी थी। दो अलग-अलग जगहों से बरात आई थी। फेरे की तैयारियां चल रही थीं। तभी महिलाओं ने मजाक-मजाक में दूल्हे पर फब्तियां कस दी। किसी महिला ने मजाक में दूल्हे से कुछ कह दिया। इससे दूल्हा नाराज हो गया। अचानक से दूल्हे ने शादी करने से इन्कार कर दिया। काफी देर तक दोनों परिवार वालों ने नाराज दूल्हे को मनाने का प्रयास किया और जब दूल्हा माना तो दुल्हन नाराज हो गई और जयमाला का समय निकल गया। दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया और बरात वापस लौट गई।
इस मामले में विवाद होने की सूचना पूंडरी पुलिस के पास भी पहुंची थी और जांच के लिए जांच अधिकारी अनिल कुमार मौके पर भी पहुंचे। लेकिन वहां आपसी विवाद होने के कारण और दोनों पक्षों में किसी ओर से भी शिकायत न मिलने के कारण पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। जांच अधिकारी ने बताया कि सूचना पर विवाह स्थल पर गये थे, लेकिन इस मामले में किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है।