नेशनल हाइवे पर Range Rover वाली युवतियों का हाईवोल्टेज हंगामा, कार के उड़ाए परखच्चे और पुलिस की फाड़ी वर्दी
हरियाणा के अंबाला में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाइवे पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक लड़की की रेंज रोवर कार ने सड़क किनारे खड़ी लाल रंग की कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। एक महिला और दो बच्चे जख्मी हैं। आरोप है कि रेंज रोवर चला रही लड़की नशे में थी। लेकिन जब उसे मेडिकल टेस्ट कराने को कहा गया तो उसने पिता के आने से पहले कोई टेस्ट कराने से इनकार कर दिया और जमकर हंगामा किया।
दरअसल, दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार रेंज रोवर (RANGE ROVER) ने एक कार को पीछे से इतनी जोर से टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार परिवार के मुखिया यानी कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। रेंज रोवर में सवार लड़कियां नशे में थीं, लिहाजा वहां खड़े लोगों ने लड़कियों की कार को घेर लिया। मौके पर पुलिस पहुंची तो लड़कियों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी पर लगी नेम प्लेट भी उखाड़ डाली। फिलहाल पुलिस ने लड़कियों को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेंज रोवर से कार को टक्कर मारने वाली लड़की की पहचान वरियता जागलान के रूप में हुई जो पानीपत में फेस-2 सेक्टर-12 की रहने वाली है। उसके साथ रेंज रोवर में सवार दूसरी लड़की का नाम श्रेया है। नशे में धुत दोनों लड़कियों का देर रात अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने रविवार सुबह वरियता को कोर्ट में पेश करके सेंट्रल जेल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद आरोपी लड़की के माता-पिता अंबाला कैंट सिविल अस्पताल पहुंच गए थे। लड़की ने माता-पिता के सामने हाईवोल्टेज ड्रामा किया।
परिवार ने बताया कि दोनों लड़कियां झूठ बोलकर पानीपत से अंबाला के लिए निकली थीं। लड़की की मां ने दोनों को खूब फटकार लगाई। जब लड़की ने अस्पताल पहुंचे अपने पिता से कहा कि उसे पुलिस ने मारा है तो उसके पिता का कहना था कि तूने एक फैमिली मार दी तो पुलिस तुझे क्यों नहीं मारेगी? युवक की जान लेने और उसकी पत्नी और बच्चे को घायल करने के बावजूद लड़की अपनी गलती मानने को तैयार नहीं थी।
दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित मोहड़ा के पास हुई सड़क दुर्घटना में हिमाचल के पालमपुर वासी मोहित शर्मा की मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी दीप्ति शर्मा और 8 वर्षीय बेटी आरोही गंभीर रूप से जख्मी हो गई। गनीमत रही कि 9 माह का मासूम बाल-बाल बच गया। परिवार दिल्ल से पालमपुर जा रहा था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, वे मोहड़ा अनाज मंडी के निकट सड़क किनारे गाड़ी लगाकर पानी पी रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार आई रेंज रोवर ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मारी थी। पुलिस ने अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में मृतक मोहित शर्मा के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सूचना मिलने के बाद मोहित के परिजन भी देर रात ही अंबाला पहुंच गए थे। रेंज रोवर चालक युवती के खिलाफ धारा 337 व 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
हादसे में जख्मी हुई 35 साल की दीप्ति ने बताया कि वह वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के गांव राजपुर की रहने वाली है। वह पति मोहित शर्मा व बेटी आरोही व छोटी बेटी आशवी के साथ दिल्ली से अपनी गाडी में अपने गांव पालमपुर के लिए सुबह चले थे। गाड़ी उसके पति मोहित शर्मा चला रहे थे। शाहबाद से आगे मोहड़ा के पास पति मोहित शर्मा गाड़ी को रोड की साइड में नीचे की तरफ रोककर पानी पीने लगा तो इतने में ही एक गाड़ी रेंज रोवर जिसका नंबर एचआर 26एए 0001 ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
रेंज रोवर एक युवती चला रही थी। हादसे में उसके साथ पति मोहित व दोनों बेटियां बुरी तरह जख्मी हो गई। बुरी तरह जख्मी उनके पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। गाड़ी चला रही वरियता जागलान वासी फेस-2 हुडा सेक्टर 12 पानीपत व उसके साथ बैठी लडकी श्रेया किसी नशे की हालत में दिंख रही थी। उसने बताया कि वरियता की लापरवाही से ही उसके पति की जान गई है। जबकि उसे व बेटियों को गंभीर चोटें आई।