पुलिस के जवान ने छात्रा से दुष्कर्म कर बनाई Video, फिर करता रहा ब्लैकमेल
बहादुरगढ़। एक बार फिर खाकी के दागदार होने की खबर आई है। अब की बार खबर रिश्वत की नहीं बल्कि दुष्कर्म की है। दिल्ली के कालेज में पढ़ने वाली बीए आनर्स की एक छात्रा के साथ बहादुरगढ़ के होटल में दुष्कर्म किया गया। इसका आरोप दिल्ली पुलिस के जवान (अंडर ट्रेनिंग) पर है। छात्रा को पहले ताे धोखे से नशीला पदार्थ पिलाया और फिर उससे दुष्कर्म किया। तभी उसकी अश्लील वीडियो बना ली। फिर उस वीडियो से ही आरोपित ने छात्रा को ब्लैकमेल किया और मुंह खोलने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बहादुरगढ़ के सेक्टर-छह थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
छात्रा दिल्ली में अपने ननिहाल में रहते हुए दिल्ली से पढ़ाई कर रही थी, तब कालेज जाते-आते समय उसकी मुलाकात दिल्ली पुलिस के जवान सौरभ से हो गई। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। छात्रा को उसका व्यवहार अच्छा लगा, मगर उसके इरादों से वह अंजान न थी। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया है कि 23 अप्रैल को सौरभ ने उसे मिलने के लिए बहादुरगढ़ के होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन पर बुलाया। वह यहां आ गई। सौरभ उसे मिला। उसने छात्रा काे पेय पदार्थ दिया तो उसने पी लिया।
कुछ देर बाद छात्र को होश न रहा। इसके बाद वह उसे बहादुरगढ़ के एक होटल में ले गया। करीब एक घंटे बाद जब उसे पूरा होश आया तो उसके खुद के साथ गलत कृत्य होने का पता लगा। उसने शोर मचाने की कोशिश की तो सौरभ ने उसे डराया कि अगर शोर मचाया या फिर किसी के सामने भी मुंह खोला तो तेरी वीडियो वायरल कर दूंगा। इसके बाद छात्रा डर गई। वह सौरभ से वीडियो डिलीट करने के लिए कहने लगी तो उसने कहा कि एक बार फिर से मिलने के लिए आ, तभी वीडियो डिलीट होगी। इसके बाद फिर से 28 अप्रैल को सौरभ ने बहादुरगढ़ के उसी मेट्रो स्टेशन पर बुलाया और फिर से दुष्कर्म किया।
इसके बाद फिर से उसे तीन मई बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बार-बार ब्लैकमेल करने से वह डरी सहमी रही। फिर ननिहाल से अपने घर आ गई। माता-पिता को उसने आपबीती बताई। पीड़िता का कहना है कि बार-बार मिन्नतों के बाद भी सौरभ ने उसकी वीडियो डिलीट नहीं की। बताया जा रहा है कि सौरभ दिल्ली पुलिस के झाड़ौदा स्थित सेंटर में ट्रेनिंग कर रहा है। अब बहादुरगढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।